नई दिल्ली .दक्षिण दिल्ली के जामिया नगर और उसके आसपास विरोध प्रदर्शन के कारण सरिता विहार से कालिंदी कुंज और रोड नंबर 13ए , दिल्ली आने वाले को मथुरा रोड, आश्रम और डीएनडी के रास्ते निकाला गया तो वहीं बदरपुर की तरफ से आने वालों को आश्रम की तरफ से निकलने की सलाह दी गई। इसके अलावा विकास मार्ग से डीडीयू मार्ग जाने वाला ट्रैफिक दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बहादुर शाह जफर मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया क्योंकि यहां कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही थी।
- मेट्रो स्टेशन रविवार को जहां 17 बंद रखे गए थे, वहीं सोमवार सुबह सभी स्टेशन पब्लिक के लिए सामान्य तरह से खोले गए। लेकिन दोपहर बाद सबसे पहले जामिया मिलिया इस्लामिया बंद किया गया। उसके बाद पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग और जनपथ स्टेशन के दरवाजे भी पब्लिक के लिए बंद कर दिए गए। शाम को पीक ऑवर में स्टेशन बंद किए जाने के कारण केंद्रीय सचिवालय के आसपास काम करने वालों को घर लौटने में बहुत दिक्कत हुई। राजीव चौक स्टेशन पर शाम 6 बजे इतनी ज्यादा भीड़ बढ़ी की स्टेशन का गेट बार-बार बंद करना पड़ा। केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक या उद्योग भवन के आसपास के लोगों को करीब एक किमी पैदल चलकर राजीव चौक मेट्रो से घर पहुंचने के लिए जाना पड़ा।दो घायलों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को अस्पताल प्रशासन की तरफ से बताया गया कि रविवार रात दो घायलों को भर्ती कराया गया है। दोनों ही घायलों को गोली लगी हुई है। इनमें से एक की पहचान जामिया का छात्र अहजाद है। वह बीई के अंतिम वर्ष के छात्र है। जबकि दूसरे घायल के बारे में अस्पताल प्रशासन की ओर से जानकारी नहीं मिली है।