- कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'भारत बचाओ रैली' आयोजित करेगी। पार्टी के शीर्ष नेता रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि यह रैली मोदी सरकार की नीतियों और नाकामियों को देश की जनता के सामने उजागर करने के लिए की जा रही है। रैली को कांग्रेस के शीर्ष नेता संबोधित करेंगे। रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की संभावना है। रामलीला मैदान में सोनिया, राहुल और प्रियंका के बड़े-बड़े कट आउट लगाए गए हैं, जिसमें तीनों एक साथ दिख रहे हैं।
देश की अर्थव्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी होंगे मुद्दे
अहमद पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक और अविनाश पांडे सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने रामलीला मैदान का दौरा किया और शनिवार की 'भारत बचाओ रैली' की तैयारियों की समीक्षा की। इसी बीच असम कांग्रेस ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। असम कांग्रेस ने दावा किया कि इस अधिनियम से असमिया भाषी लोग अपनी पहचान और संस्कृति खो देंगे।