गोरखपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर प्रदेश पूर्वी क्षेत्र के कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में झंडारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगे के केसरिया रंग को श्रेष्ठता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह त्याग का रंग है। यह रंग हमें भारत को निरन्तर प्रकाश में बनाये रखने की प्रेरणा देता रहता है। भागवत ने कहा कि देश हमें बहुत कुछ देता है, लेकिन हम देश को क्या दे सकते हैं, इसपर हमें विचार करना चाहिए
उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वयसेवकों और बच्चों को संकल्प भी दिलाया। सफेद रंग को उन्होंने शुद्धता, पवित्रता और ज्ञान का प्रतीक बताया। कहा कि तिरंगे का सफेद रंग हमें पवित्र भाव से सबके कल्याण की प्रेरणा देता है। हरे रंग को उन्होंने समृद्धि का प्रतीक बताया।
भागवत ने कहा समृद्धि अहंकार के लिए नहीं बल्कि विश्व कल्याण के लिए होनी चाहिए। देश के संविधान ने सभी नागरिकों के अधिकार और कर्त्तव्य तय किये हैं। लेकिन यह अधिकार और कर्तव्य अनुशासनके दायरे में होंगे तभी देश के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों का सपना पूरा हो सकेगा और उनके सपनों के भारत का निर्माण हो सकेगा। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि देश हमें बहुत कुछ देता है तो हमें भी देश को देना सीखना चाहिए। हमारे अंदर देने की इतनी इच्छा होती है कि वह खत्म नहीं होती है। जैसे की कहा गया है कि तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित, चाहता हूं देश की धरती तुझे कुछ और भी दूं। यानी सबकुछ देने के बाद भी देने की इच्छा शेष रह जाती है
उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को राजा बनाया है। राजा के पास अधिकार हैं, लेकिन अधिकारों के साथ सब अपने कर्तव्य और अनुशासन का भी पालन करें। तभी अपने बलिदान से देश को स्वतंत्र कराने वाले क्रांतिकारियों के सपनों के अनुरूप भारत का निर्माण होगा। ऐसा भारत जो दुनिया और मानवता की भलाई को समर्पित है।
संघ प्रमुख ने कहा कि ये रंग ज्ञान, कर्म, भक्ति का कर्तव्य बताने वाले हैं। सबसे ऊपर भगवा रंग त्याग का, बीच का सफेद रंग पवित्रता और हरा रंग मां लक्ष्मी यानी समृद्धि का प्रतीक है। भगवा रंग देखते ही मन में सम्मान पैदा होता है। यह बताता है कि हमारा जीवन स्वार्थ का नहीं परोपकार का है। हमें कमाना है दीन दुखियों, वंचितों को देने के लिए। इतना देना है कि सबकुछ देने के बाद भी देने की इच्छा रह जाये। पवित्रता और शुद्धता जीवन में ज्ञान, धन और बल के सदुपयोग के लिए जरूरी है।