मुस्लिम बहुल समेत कई ग्रामीण इलाकों में महिलाएं मतदान की जिम्मेदारी निभाने में पीछे नहीं रही महिलाओं ने अपनी पूरी भागीदारी निभाई।

लोकतंत्र को मजबूत करने की परीक्षा में आधी आबादी (महिलाओं) ने अपनी पूरी भागीदारी निभाई। उन्होंने अपनी सुरक्षा, विकास,रोजगार और घरेलू बजट के नाम पर ईवीएम का बटन दबाया। मुस्लिम बहुल समेत कई ग्रामीण इलाकों में महिलाएं मतदान की जिम्मेदारी निभाने में पीछे नहीं रही। वोट देकर मतदान केंद्रों से बाहर निकली महिलाओं ने चुटीले अंदाज में कहा कि परिवार का वोट इस बार हमने ही तय किया है। महिलाओं की ताकत को समझते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट के माध्यम से महिलाओं से मतदान करने की अपील की थी।
दिल्ली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जागरूक मतदाता की जिम्मेदारी निभाने के लिए कई बूथों पर महिलाएं सुबह ही पहुंच गई थी, जिस तरह सीएए और एनआरसी के खिलाफ महिलाएं एकजुट होकर सड़क पर हैं, ठीक उसी तरह मतदान कर अपनी ताकत का अहसास कराया। ओखला विधानसभा के ज्यादातर मतदान केंद्रों पर पुरुषों से अधिक महिलाओं की भीड़ देखी गई। शाहीन बाग और जामिया का नजारा तो कुछ अलग ही था। बूथों पर महिलाओं का उत्साह बता रहा था कि उन्होंने वोट डालकर लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई है।
अपने परिवारों के साथ ही नहीं, महिलाएं टोलियों में भी बूथों पर पहुंचीं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का भी सहारा लिया। महिलाओं ने कहा कि वोट में उनकी मर्जी चली है। कई महिलाएं ऐसी भी थी जिन्हें प्रत्याशी का नहीं पता था, लेकिन यह पता था कि लोकतंत्र के इस पर्व में एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभानी है। आठ बजे वोटिंग शुरू होने से पहले ही कई बूथों पर आधी आबादी घर का काम निपटाकर मतदान करने पहुंच गई थीं। कई जगहों पर तो महिलाएं अन्य लोगों को वोट देने की अपील भी करती दिखाई दी।
कुछ बूथों पर महिलाओं के लिए मेंहदी लगाने के खास इंतजाम किए गए थे। मतदान करने के बाद महिलाओं ने मेंहदी लगाने से भी परहेज नहीं किया। वोट डालने के बाद महिलाओं ने उम्मीद जताई कि जिस भी पार्टी की सरकार बने वह महिला सुरक्षा, घर के बजट और रोजगार को जरूर ध्यान में रखे।
 


Popular posts
प्रयागराज गुरुवार को 10 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इसमें 12 मई को जन्मी नवजात बच्ची भी संक्रमित पाई गई है.
शहडोल चार सगे भाई, चाचा-भतीजा समेत नौ की मौत से गांव में मातम, खाने का भी नहीं था इंतजाम
भारत सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए बड़ा एलान किया है.
मुंबई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घरों और धर्मस्‍थलों से सोना निकलवाने की सलाह देकर महाराष्‍ट्र के पूर्व मुख्‍यमंत्री पृथ्‍वीराज चव्‍हाण और कांग्रेस नेता फंसते नजर आ रहे हैं
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मस्जिद से अजान पर बड़ा फैसला दिया है