नई दिल्ली .रामलीला मैदान में रविवार को होने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार के अन्य मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली-एनआरसी से हजारों की तादाद में लोगों के रामलीला मैदान आने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श जारी किया है। इसमें कहा गया है कि रविवार को सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक रामलीला मैदान क्षेत्र में यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने कहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले अपने वाहन सिविक सेंटर, माता सुंदरी रोड, पावर हाउस रोड, वेलाड्राम रोड, राजघाट, रोड, शांति वन पार्किंग, सर्विस रोड राजघाट और समता स्थल पर पार्क कर सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह रविवार सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक खत्म होने की संभावना है। भीड़ अधिक होने पर कुछ समय के लिए मैदान के आस-पास के कुछ रास्तों पर ट्रैफिक को रोका और डाइवर्ट भी किया जा सकता है। इसके चलते रामलीला मैदान के आस-पास से गुजरने वाले अन्य लोगों को थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सीएम दोपहर 12.15 बजे के करीब शपथ ग्रहण करेंगे। जानकारी के मुताबिक लोग सुबह 8 बजे से ही रामलीला मैदान पहुंचना शुरू हो जाएंगे और कार्यक्रम के बाद उन्हें लौटते हुए दोपहर के 2 बज जाएंगे।