पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों के विरोध में आज मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के मुखिया राज ठाकरे महामोर्चा निकालने वाले हैं। एमएनएस पार्टी के इस महामोर्चे के लिए पूरे महाराष्ट्र से लोगों को आमंत्रित किया गया है जिन्हें महाराष्ट्र सैनिक नाम दिया गया है। ये सभी लोग रैली निकालते हुए मुंबई के आजाद मैदान में पहुंच रहे हैं। एमएनएस की इस महारैली में करीब दो लाख लोग भाग लेने वाले हैं। आने वाले लोगों के लिए भगवा रंग की टीशर्ट, टोपी और हाथ पर बांधने वाली पट्टी बनवाई गई है जिसपर शिवाजी महाराज की राजमुद्रा का चिन्ह छपा हुआ है। अपने पार्टी के झंडे को भगवा करने के बाद राज ठाकरे की यह पहली रैली है।
इस महारैली को लेकर एमएनएस कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है। इस रैली के माध्यम से राज ठाकरे अपनी पार्टी में नई जान फूंकने की तैयारी कर रहे हैं। आज दोपहर को करीब 12 बजे से यह महामोर्चा गिरगांव चौपाटी से निकलकर आजाद मैदान तक जाने वाला है जिसमें भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
मुंबई और महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए अलग रूट भी निर्धारित किया गया हैं साथ ही उनकी गाड़ियों के लिए अलग जगह पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। रैली के समापन के बाद राज ठाकरे अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले हैं। राजनीति के जानकारों की माने तो भगवा रंग में रंगने के बाद ये महामोर्चा राज ठाकरे की राजनीति के नये रास्ते की दशा और दिशा तय करने वाला है।
पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों के विरोध में आज मुंबई में महाराष्ट् (एमएनएस) के मुखिया राज ठाकरे महामोर्चा निकालने वाले हैं।